रांची: आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच शुरू कर दी है। केंद्रीय एजेंसी ने इस संबंध में नई प्राथमिकी दर्ज कर ली है और केस को RC0482026S0007 नंबर आवंटित किया है। जांच संभालते ही सीबीआई की टीम ने मामले के नामजद आरोपियों—अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के ठिकानों पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
दिल्ली में री-रजिस्टर हुआ पिठोरिया थाने का केस
सीबीआई प्रवक्ता की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद एजेंसी ने यह कदम उठाया है। झारखंड सरकार ने 10 नवंबर 2026 को DSPE एक्ट, 1946 की धारा 6 के तहत सीबीआई जांच की अधिसूचना जारी की थी, जिसके बाद 14 नवंबर को कार्मिक विभाग की अधिसूचना भी सामने आई। इसी आधार पर रांची के पिठोरिया थाने में पहले से दर्ज एफआईआर (संख्या 0114/2026) को सीबीआई ने अपनी दिल्ली स्थित स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 में री-रजिस्टर किया है।
अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

फेसबुक लाइव के बाद मिली थी मौत की खबर
आदिवासी अधिकारों और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहने वाली निशा भगत की मौत 6 नवंबर 2026 को हुई थी। घटना से ठीक पहले उन्होंने पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने आवास से करीब 10 मिनट का फेसबुक लाइव किया था। इस वीडियो में उन्होंने झारखंड सरकार, स्थानीय पुलिस-प्रशासन और जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए प्रशासन से मदद की गुहार लगाई थी।
लाइव प्रसारण के कुछ समय बाद ही घर से उनकी मौत की सूचना मिली। शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या माना गया, लेकिन उनके पिता ने मौत के पीछे साजिश की आशंका जताई।
पिता की शिकायत और सियासी हलचल के बाद हुई अनुशंसा
घटना के अगले दिन 7 नवंबर को निशा के पिता हांदू भगत ने पिठोरिया थाने में लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि:
- सोशल मीडिया पर निशा के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां कर उनका चरित्र हनन किया जा रहा था।
- जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोग भी उन्हें लंबे समय से मानसिक और सामाजिक दबाव में रख रहे थे।
- इसी प्रताड़ना के कारण निशा परेशान थीं। उन्होंने अपनी शिकायत में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य की भूमिका जांचने की मांग की थी।
इस मौत के बाद राज्य की राजनीति भी गरमा गई थी। झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गुमला स्थित निशा के पैतृक आवास जाकर परिजनों से मुलाकात की थी और चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया था। मामले के तूल पकड़ने पर रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने पिठोरिया थाना प्रभारी को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की अनुशंसा की थी।














