रांची: झारखंड की राजधानी रांची के कांके रोड स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई। दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक में मुख्य रूप से पार्टी के राजनीतिक प्रस्ताव और मिशन 2029 के चुनावी रोडमैप को लेकर रणनीति तय की जा रही है।
दोपहर 2 बजे शुरू हुई मुख्य कार्यसमिति बैठक से पहले जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस सांगठनिक बैठक में राज्य भर में संगठन की वास्तविक स्थिति, जमीनी पकड़ और संगठनात्मक कमियों की समीक्षा की गई।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे भाजपा विधायक राज सिन्हा ने कहा कि जिला स्तर तक के पदाधिकारियों के साथ सीधे संवाद से यह बैठक काफी अहम हो गई है। राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कामकाज से जनता त्रस्त है। ऐसे में वर्ष 2029 के आगामी चुनाव महत्वपूर्ण होंगे और पार्टी कार्यकर्ता अभी से उसकी संगठनात्मक तैयारी में जुट गए हैं।
इसे भी पढ़ें: झारखंड में भाजपा का मिशन 2029, नए प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल के संदेश के मायने
कांके रोड स्थित कार्यक्रम स्थल को पार्टी के झंडों और बैनरों से सजाया गया था। सुरक्षा और व्यवस्था के तहत कार्यकर्ताओं को रजिस्ट्रेशन के बाद ही सभागार में प्रवेश दिया गया। बैठक में शामिल होने पहुंचे नेताओं का कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया।
बैठक में पार्टी नेताओं सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। दो दिवसीय मंथन के दौरान राज्य के राजनीतिक परिदृश्य, जनसमस्याओं और आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।












