गढ़वा। गढ़वा थाना क्षेत्र में कल्याणपुर ओवरब्रिज के पास खड़े एक लावारिस कंटेनर से पुलिस ने एक करोड़ रुपये का गांजा बरामद किया है। तस्करों ने इस खेप को छिपाने के लिए ड्राइवर केबिन के ठीक पीछे लोहे का एक विशेष गुप्त बॉक्स बना रखा था, जिसे पुलिस ने कटर मशीन से काटकर खोला।
पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि कल्याणपुर ओवरब्रिज के समीप सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। सूचना के बाद गढ़वा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दिल्लू लोहरा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो कंटेनर लावारिस हालत में खड़ा मिला। आसपास तलाश करने के बाद भी चालक या किसी अन्य व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिला।
कटर से काटा गया सीक्रेट चैंबर
संदेह होने पर जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो केबिन के पीछे छिपाकर बनाया गया ढांचा दिखा। इसके बाद कंटेनर को गढ़वा थाना लाया गया। थाने में तकनीकी औजारों और कटर मशीन की मदद से गुप्त बॉक्स को काटा गया, जिसके अंदर प्लास्टिक की थैलियों में पैक किए गए 426 पैकेट मिले। तौल कराने पर हर पैकेट का वजन करीब एक किलोग्राम निकला।
एसडीपीओ दिल्लू लोहरा ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है। पुलिस अब वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए वाहन मालिक और फरार चालक की तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाया जाना था।
इसे भी पढ़ें: गढ़वा कस्तूरबा स्कूल में फूड प्वाइजनिंग से मचा हड़कंप, 60 बीमार












