ऋषभ शेट्टी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कांतारा: अ लीजेंड- चैप्टर 1’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। रिलीज के साथ ही इस फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया, बल्कि दर्शकों को एक खास सरप्राइज भी दिया। दरअसल, मेकर्स ने फिल्म के आखिर में तीसरे पार्ट का ऐलान कर दिया, जिसे सुनकर फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
‘कांतारा चैप्टर 2’ की घोषणा ने बढ़ाई उत्सुकता
फिल्म के एंडिंग सीन में मेकर्स ने बेहद दिलचस्प अंदाज में ‘कांतारा: ए लीजेंड- चैप्टर 2’ की झलक दिखाई। इसमें दिखाया गया कि एक बच्चा एक बुजुर्ग से पूछता है कि क्या इसी कुएं में भगवान रहते हैं। बुजुर्ग इसका जवाब देते हुए कहते हैं कि इसके लिए एक अलग कथा सुनानी पड़ेगी। इसके बाद स्क्रीन पर अगली फिल्म का ऐलान कर दिया जाता है। यह सीन देखकर दर्शकों का रोमांच और भी बढ़ गया।
कर्नाटक के कदंब काल पर आधारित है कहानी
‘कांतारा चैप्टर 1’ की कहानी कर्नाटक के कदंब काल पर केंद्रित है। कदंब वंश ने उस क्षेत्र की संस्कृति और वास्तुकला को नया रूप दिया था। यही कारण है कि इतिहासकारों ने इसे भारतीय इतिहास का स्वर्णिम काल बताया है। ऋषभ शेट्टी ने इस प्रीक्वल के जरिए दर्शकों को उस दौर की झलक दिखाई है, जो अब बड़े पर्दे पर लोगों को गहराई से प्रभावित कर रही है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘कांतारा चैप्टर 1’ का धमाका
फिल्म की कमाई भी चर्चा में है। ‘कांतारा: अ लीजेंड- चैप्टर 1’ ने रिलीज के पहले ही दिन 60 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कमाई की। हिंदी बेल्ट में भी इसका प्रदर्शन शानदार रहा। कन्नड़ में इसने 18 करोड़, जबकि हिंदी में 19.5 करोड़ का कलेक्शन किया। ये आंकड़े साफ दिखाते हैं कि फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।
‘कांतारा’ की ब्लॉकबस्टर सफलता का असर
गौरतलब है कि ‘कांतारा’ साल 2022 में रिलीज हुई थी और इसने देशभर में 309.64 करोड़, जबकि वर्ल्डवाइड 407.82 करोड़ का कलेक्शन किया था। इस फिल्म ने ऋषभ शेट्टी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उन्हें ‘कांतारा’ के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला। साथ ही फिल्म को बेस्ट पॉपुलर फिल्म का भी राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया।
तीसरे पार्ट से फैंस को और उम्मीदें
अब दर्शक ‘कांतारा: ए लीजेंड- चैप्टर 2’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मेकर्स की घोषणा से साफ है कि कहानी अब और भी गहराई और रहस्य से भरी होगी। पहले पार्ट और प्रीक्वल की सफलता को देखते हुए तीसरे अध्याय से भी बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
ऋषभ शेट्टी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह न केवल एक शानदार अभिनेता हैं, बल्कि एक उम्दा कथाकार भी हैं। कर्नाटक की मिट्टी और लोककथाओं को बड़े पर्दे पर पेश करने का उनका तरीका दर्शकों को बार-बार सिनेमाघरों की ओर खींच रहा है। अब सभी की नजरें तीसरे अध्याय पर टिकी हैं, जो ‘कांतारा’ की लोकप्रियता को एक नए मुकाम तक ले जा सकता है।









