Ranchi | झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित मारपीट की स्वतंत्र जांच की मांग की है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) को लिखे पत्र में उन्होंने आयोग से तत्काल संज्ञान लेने और अपनी निगरानी में जांच कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने भारती के इलाज और स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से उनकी चोटों की जांच कराने की भी मांग की है।
पत्र के मुताबिक, भारती ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक नाबालिग के कथित यौन शोषण का मामला सामने लाया था। मरांडी ने हिरासत में मारपीट का विवरण स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर दिया है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि इस विवरण की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है।
अदालत में बयान देने के लिए दबाव बनाने का आरोप
मरांडी के पत्र के अनुसार, पाकरटांड़ थाने में 25 नवंबर की रात से 26 नवंबर 2026 की दोपहर करीब तीन बजे तक भारती के साथ रुक-रुककर मारपीट किए जाने का आरोप है। पत्र में कहा गया है कि पुलिस ने उन पर अदालत में अपने कहे मुताबिक बयान देने का दबाव बनाया। मरांडी ने हिरासत के दौरान भारती से हस्ताक्षर लिए गए हों तो संबंधित कागजात की जांच कराने की भी मांग की है।
पत्र में दावा किया गया है कि रिमांड के लिए अदालत लाए जाने पर भारती अपने पैरों पर खड़े नहीं हो पा रहे थे और पेशी के दौरान बेहोश होकर गिर पड़े। मरांडी के मुताबिक, अदालत ने उन्हें अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था, लेकिन पुलिस कथित तौर पर उन्हें पहले सिमडेगा टाउन थाने ले गई। पत्र में दावा है कि हालत बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
तीन पत्रकारों के मोबाइल से वीडियो मिटाने का भी आरोप
मरांडी ने आरोप लगाया कि अदालत परिसर में भारती की हालत का वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को टाउन थाने ले जाया गया। पत्र के मुताबिक, उन्हें करीब चार घंटे थाने में बैठाया गया और उनके मोबाइल से रिकॉर्डिंग मिटाने के बाद छोड़ा गया। मरांडी ने तीनों पत्रकारों को सुरक्षा देने और उनके बयान स्वतंत्र रूप से दर्ज कराने की मांग की है।
थानों और अदालत परिसर के CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग
मरांडी ने आयोग से पाकरटांड़ थाना, सिमडेगा टाउन थाना और अदालत परिसर की संबंधित CCTV रिकॉर्डिंग सुरक्षित कराने को कहा है। उन्होंने थानों की स्टेशन डायरी, हिरासत और पेशी से जुड़े दस्तावेज तथा सदर अस्पताल के चिकित्सा रिकॉर्ड भी सुरक्षित कराने की मांग की है, ताकि हिरासत से अस्पताल पहुंचने तक का घटनाक्रम स्पष्ट हो सके।
पत्र में आग्रह किया गया है कि भारती की हालत बयान देने लायक होने पर न्यायिक दंडाधिकारी के सामने उनका बयान दर्ज कराया जाए। इस दौरान आरोपों के घेरे में आए पुलिसकर्मियों को मौजूदगी से दूर रखने की मांग भी की गई है।














