भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ आंदोलन पर आधारित फिल्म ‘बिरसाइत’ का फर्स्ट लुक उनकी 151वीं जयंती पर जारी कर दिया गया है। नवरस एंटरटेनमेंट और नाइनफोल्ड पिक्चर्स के बैनर तले बन रही यह फिल्म 6 अगस्त 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होगी।
जारी विवरण के अनुसार, जल-जंगल-जमीन की लड़ाई और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ हुए संघर्ष की इस कहानी को भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ले जाने की तैयारी है। फिल्म को कुल 18 भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। इसमें नागपुरी भाषा में डबिंग भी शामिल है, जिससे झारखंड के स्थानीय दर्शक अपनी बोली में यह फिल्म देख सकेंगे।

इन 18 भाषाओं में होगी रिलीज:
- 9 भारतीय भाषाएं: नागपुरी, हिंदी, कन्नड़, तमिल, तेलुगु, मलयालम, उड़िया, बांग्ला और असमिया।
- 9 अंतरराष्ट्रीय भाषाएं: अंग्रेजी, चीनी, जापानी, कोरियाई, थाई, फ्रेंच, इतालवी, रूसी और अरबी।
ध्रुव करुणाकर निभाएंगे मुख्य भूमिका
फिल्म में भगवान बिरसा मुंडा के किरदार में अभिनेता ध्रुव करुणाकर शेट्टी नजर आएंगे। कर्नाटक के उडुपी में जन्मे और मुंबई में पले-बढ़े ध्रुव ने साल 2019 की तेलुगु एक्शन-थ्रिलर ‘अश्वमेधम’ से पहचान बनाई थी। वे अभिनय के साथ-साथ फिल्म निर्माण से भी जुड़े रहे हैं।
फिल्म की कहानी, पटकथा और निर्देशन की कमान नितिन गावड़े ने संभाली है। निर्देशन में आने से पहले नितिन ग्राफिक डिजाइनर थे। वे इससे पहले मराठी फिल्म ‘व्हाट अबाउट सावरकर?’ और गुजरात स्टेट अवॉर्ड विजेता ऐतिहासिक फिल्म ‘नायिका देवी: द वॉरियर क्वीन’ का निर्देशन कर चुके हैं।

तकनीकी टीम और निर्माण
श्रिया तोरणे और सौम्य जैन इस बायोपिक के निर्माता हैं। जारी जानकारी और तरण आदर्श के सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, फिल्म के तकनीकी विभाग में ये लोग जुड़े हैं:
- एक्शन: पीटर हेन (जो इससे पहले बाहुबली 1-2, पुष्पा-2, रोबोट, कल्कि, काबिल, रेस-2 और गजनी जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं)
- संगीत: अनूप रूबेन्स
- छायांकन: बालकृष्ण थोटा
- संवाद: सौरभ एम. पांडे
- प्रोडक्शन डिजाइन: विनायक होजागे
- कॉस्ट्यूम्स: चंद्रकांत सोनवणे
- लुक डिजाइन: संतोष गिलबिले
फिल्म का फर्स्ट लुक वीडियो यूट्यूब पर जारी किया गया है। जारी जानकारी के मुताबिक, इसमें झारखंड में अंग्रेजों के अत्याचार और उनके खिलाफ बिरसा मुंडा व उनके साथियों के संघर्ष को एक्शन के जरिए दिखाया गया है।














