#रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि सिल्ली और गोमिया विधान सभा उपचुनाव में एनडीए जीत हासिल करेगी। सिल्ली में आजसू की और गोमिया में भाजपा की जीत होगी। भाजपा के कार्यकर्ता गोमिया में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। स्थानीय निकाय चुनाव में जनता ने हमें बहुमत दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष उपचुनाव में खूब पैसा खर्च कर रहा है, लेकिन इस बार पैसा हारेगा और पसीना जीतेगा।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा, झारखंड मुद्रा मोचन पार्टी बन गयी है। झामुमो ने आदिवासियों का सबसे ज्यादा शोषण किया है। जिस कारण यहां का विकास नहीं हो सका। अलग राज्य बनने के पूर्व भी झामुमो, राजद के साथ सरकार में शामिल था। लेकिन विकास नहीं किया। राज्य बनने के 14 वर्ष तक चार आदिवासी सीएम बने। लेकिन आज भी आदिवासियों की स्थिति जस की तस है। झामुमो ने आदिवासियों को ठगने का काम किया।
लेकिन अब आदिवासी समझ गये हैं कि उनका विकास भाजपा ही कर सकती है। अब देश की जनता विकास चाहती है। नौजवान विकास चाहता है। उन्होंने कहा कि 2019 में झामुमो, कांग्रेस सहित अन्य पार्टियां साफ हो जायेंगी।
झामुमो मुक्त झारखंड बनेगा। कांग्रेस भी डूबती हुई नाव है, डूब जायेगी।