News Highlights
Ranchi: बढ़ते हुए अपराध पर झारखंड में सियासत गर्म हो गया है. 6 जनवरी को भाजपा ने एक ओर जहां सुबह 11:30 बजे से शाम 4 बजे तक रांची स्थित राजभवन के समीप धरना प्रदर्शन का ऐलान किया है. वहीं, दूसरी ओर मुख्य सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पूरे राज्य के सभी जिला मुख्यालयों के समीप शाम के 4 बजे भाजपा नेताओं का पुतला जलाने का एलान किया है.
रांची में भाजपा का धरना प्रदर्शन
भाजपा के रांची महानगर कमिटी द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी, झारखण्ड प्रदेश के निर्देशानुसार 6 जनवरी को पूर्वांहण 11:30 बजे से अपराह्न 4 बजे तक राजभवन के समीप भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर द्वारा राज्य में बढ़ते आपराधिक घटना खासकर महिलाओं पर बढ़ रहे हिंसक बलात्कार की घटनाओ के विरोध में एकदिवसिय धरना प्रदर्शन किया जायेगा.
भाजपा नेताओं का पुतला दहन करेगी झामुमो
इधर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रीयो भट्टाचार्य ने राज्य के सभी जिला के मुख्यालयों में भाजपा नेताओं का पुतला दहन करने का ऐलान किया है.
झामुमो के विज्ञप्ति में कहा गया है कि पार्टी के सभी जिलाध्यक्ष एवं जिला सचिव को निर्देश दिया जाता है कि पार्टी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन पर भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों द्वारा किये गए हमले एवं भाजपा शासित राज्यों में बढ़ रहे महिलाओं के प्रति अत्याचार तथा व्यभिचार के खिलाफ आगामी 06 जनवरी 2021 को संध्या 04 बजे राज्य के सभी जिला मुख्यालय पर भाजपा का पुतला दहन किया जाएगा.