Crime in Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में 11 अगस्त 2023 की देर रात करीब 10 बजे बेखौफ अपराधियों ने दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी. यह घटना मोरहाबादी के चिरौंदी इलाके की है. यह कोई पहली घटना नहीं है. इसके पहले सीपीआई नेता सुभाष मुंडा की हत्या उनके ऑफिस में घुसकर कर दी गई थी. इस तरह सिर्फ रांची में एक महीने में चार बड़े हत्याकांड की घटना हो चुकी है.
झारखंड के आपराधिक गैंग अब तक व्यापारियों और कारोबारियों को धमका कर रंगदारी वसूलते रहे हैं. रंगदारी नहीं देने पर उन पर हमले भी करते रहे हैं. रंगदारी के चक्कर में कई व्यवसायियों की जान भी जा चुकी है. अब ऐसा लग रहा है मानों रांची अपराध की राजधानी बन गई है.
अपराधियों के बढ़ते मनोबल की बानगी हर दिन कहीं न कहीं दिख ही जाती है. हालत यह है कि बेखौफ अपराधी पहले रंगदारी मांगते हैं. रंगदारी नहीं देने पर गोली मारकर निकल जाते हैं. हमेशा की तरह पुलिस घटना के बाद अपनी चौकसी साबित करने में जुट जाती है.

11 अगस्त 2023: अपराधियों ने रांची के चिरौंदी में जूस काउंटर संचालक और उसके स्टाफ को गोली मार दी. इस घटना में जहां जूस काउंटर के संचालक की मौके पर मौत हो गई, वहीं स्टाफ को आनन- फानन में रिम्स में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. यह घटना राजधानी के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित चिरौंदी में हुई है.
26 जुलाई 2023: रांची के दलादली चौक में शाम करीब 8 बजे सीपीआई नेता सुभाष मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी. अपराधियों ने उनपर 8 राउंड गोलियों की बारिश कर दी. हादसे में सुभाष मुंडा ने मौके पर ही दम तोड दिया. घटना के खिलाफ आक्रोश पूरे आदिवासी समुदाय में देखने को मिला. रांची बंद किया गया.
07 जुलाई 2023 : राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पुराना अरगोड़ा चौक पर अमन साव गिरोह के अपराधियों ने कोयला कारोबारी रंजीत गुप्ता को गोली मार दी. रंजीत गुप्ता पहले से गिरोह के निशाने पर था. इस बात की जानकारी अमन साव ने पुलिस को अपने स्वीकारोक्ति बयान में खुद दी थी. लेकिन पुलिस घटना को रोकने में फेल रही.
16 जुलाई 2023 : रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र के हाजी चौक स्थित मुख्तार होटल में जमीन कारोबारी कमरुल हक के होने के अंदेशा पर फायरिंग की गयी. लेकिन इस फायरिंग में होटल संचालक मुख्तार अंसारी और होटलकर्मी एजाज अंसारी गोली लगने से घायल हो गया. इस घटना से पूर्व कमरुल हक से टीपीसी के उग्रवादियों के नाम पर 50 लाख रुपये की लेवी मांगी गयी थी, लेकिन पुलिस फायरिंग की घटना नहीं रोक सकी.
झारखंड में सक्रिय प्रमुख आपराधिक गिरोह
- अमन साहु (जेल में) गैंग : रांची, लातेहार, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा
- सुजीत सिन्हा (जेल में) गिरोह : लातेहार व पलामू
- अमन श्रीवास्तव (जेल में) गिरोह : रांची, लातेहार व रामगढ़
- अमन सिंह (जेल में) गिरोह : धनबाद
- गैंग्स ऑफ वासेपुर का प्रिंस खान (पुलिस की चूक से फरार): धनबाद
- पांडेय गिरोह का विकास तिवारी (जेल में) : रामगढ़
- सुधीर दुबे गिरोह : जमशेदपुर, सरायकेला
- अखिलेश सिंह (जेल में) गिरोह : जमशेदपुर व सरायकेला
- आशीष मिश्रा गिरोह : देवघर
- डब्लू सिंह (फरार) गिरोह : पलामू
मई 2023 तक वारंट पेंडिंग वाले टाॅप फाइव जिले :
- रांची : 11028
- जमशेदपुर : 5614
- सरायकेला : 4561
- धनबाद : 3299
- हजारीबाग : 2233
- अन्य जिले : 9964
मई 2023 तक कुर्की लंबित वाले टॉप पांच जिले
- रांची : 3316
- धनबाद : 261
- रामगढ़ : 152
- हजारीबाग : 142
- चतरा : 121
- अन्य जिले : 530
टॉप पांच जिले जहां 2023 में जनवरी से मई तक संगीन अपराध
हत्या : रांची में 59, गिरिडीह में 56, चाईबासा में 47, धनबाद में 43, देवघर में 41
डकैती : देवघर में 09, धनबाद में 06, दुमका में 05, जमशेदपुर में 04, रांची में 03
लूट : रांची में 47, देवघर में 21, चतरा में 14, जमशेदपुर में 12, पलामू में 11
सेंधमारी : रांची में 207, हजारीबाग में 53, बोकारो में 52, देवघर में 51, दुमका में 50
आर्म्स एक्ट : धनबाद में 46, रांची में 36, जमशेदपुर में 20, देवघर में 20, पलामू में 18
पैसे के लिए अपहरण : देवघर में 06, रांची में 02, पलामू में 01, धनबाद में 01, साहिबगंज में 01